आज दिनांक 5 सितंबर 2026 को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के बी.एड. विभाग में महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन बी.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संरक्षक डॉ. डी.एस. नेगी, बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. बी.सी. शाह एवं विभाग के सभी शिक्षकगण— डॉ. सुषमा थलेड़ी भट्ट, डॉ. एस.के. आर्या, डॉ. डी.के. मौर्य, डॉ. सुनीता नौटियाल, —उपस्थित रहे।

सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना की गई। इसके पश्चात शिक्षकगणों के स्वागत एवं अभिनंदन में बी.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात
बी.एड. विभागाध्यक्ष डॉ. बी.सी. शाह ने अपने उद्बोधन में सभी शिक्षकगण एवं प्रशिक्षुओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने शिक्षक की भूमिका एवं उसके सामाजिक दायित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षक विद्यार्थियों को केवल विषयगत ज्ञान ही नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र एवं जीवन-मूल्यों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बी.एड. प्रशिक्षुओं को अपने भावी शिक्षक के दायित्व को गंभीरता से समझने तथा शिक्षण कार्य को निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया।

इसके पश्चात महाविद्यालय के संरक्षक डॉ. डी.एस. नेगी ने अपने संबोधन में शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षक को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से एक शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने बी.एड. प्रशिक्षुओं को निरंतर अध्ययन करते रहने, अपने ज्ञान में वृद्धि करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संवेदनशील एवं जिम्मेदार शिक्षक बनने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर किए गए आयोजन की सराहना भी की।i
इसके बाद कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में बी.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं। प्रशिक्षुओं ने शिक्षक दिवस के महत्व पर भाषण, गीत एवं कविताएँ प्रस्तुत कीं। इसके अतिरिक्त शिक्षक गणों के सम्मान में मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्नेह एवं कृतज्ञता की भावना व्यक्त की। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत एवं आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों एवं बी.एड. प्रशिक्षुओं ने शिक्षक दिवस की खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर सभी के बीच सौहार्द एवं आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
अंत में बी.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा उपस्थित सभी शिक्षक गणों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। प्रशिक्षुओं ने अपने शिक्षकों से प्राप्त ज्ञान, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा के लिए कृतज्ञता प्रकट की। शिक्षक गणों एवं प्रशिक्षुओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस प्रकार शिक्षक दिवस समारोह शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ बी.एड. प्रशिक्षुओं को अपने भावी शिक्षक दायित्वों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने वाला एक सार्थक एवं यादगार आयोजन रहा।
