ग्रास्टनगंज में हाथियों का आतंक, शाम होते ही बस्ती में घुस रहे गजराज; टूटा बिजली का पोल
कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर-1 ग्रास्टनगंज में पिछले कई दिनों से हाथियों का आतंक बना हुआ है। शाम ढलते ही हाथियों के बस्ती में पहुंचने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। हालात यह हैं कि हाथियों के डर से लोग रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथी रात के समय घरों के आसपास पहुंच रहे हैं और कई बार घरों में घुसने का प्रयास भी कर चुके हैं। लोगों द्वारा हाथियों को जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद हाथी दोबारा बस्ती में लौट आते हैं।
बीती रात हाथियों ने क्षेत्र में लगे बिजली के पोल को भी तोड़ दिया, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही के चलते स्थानीय लोग अपने परिवार और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शाम होते ही हाथियों के बस्ती में आने का सिलसिला शुरू हो जाता है। वन क्षेत्र से सटी बस्ती होने के कारण लोग पहले से ही सतर्क रहते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में हाथियों की बढ़ती आवाजाही ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है।
लोगों ने वन विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए हाथियों की नियमित निगरानी बढ़ाने और उन्हें बस्ती में आने से रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे लगातार भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं और किसी बड़ी अनहोनी से पहले समस्या का समाधान जरूरी है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त बढ़ाए और हाथियों की बस्ती में आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने के लिए तत्काल कदम उठाए।
