राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा, समर्पण और संगठन के संस्कारों से प्रेरित तथा 45 वर्षों से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल अपने संगठनात्मक अनुभव और जनसेवा के संकल्प के साथ क्षेत्र विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु निरंतर कार्यरत हैं।
क्षेत्र के विकास और संगठनात्मक सशक्तिकरण के लिए निरंतर सक्रिय हैं ऋषि कंडवाल

ऋषि कंडवाल ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से की। वे बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक, विश्व हिंदू परिषद के पूर्व प्रदेश एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में विभिन्न राज्यों में संगठन को सशक्त बनाने का कार्य कर चुके हैं। पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण प्रदेश में संगठन को मजबूती प्रदान करने के साथ ही बांकुड़ा, विष्णुपुर और राणाघाट लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी सफलताओं में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उत्तराखंड में बूथ, मंडल, जिला और लोकसभा स्तर तक संगठन को मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वे भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं। वर्तमान में राज्य सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए वे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

पौड़ी गढ़वाल जनपद के द्वारीखाल विकासखंड की कांडाखाल न्याय पंचायत अंतर्गत बनाली गांव से जुड़े ऋषि कंडवाल यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकास, संगठन विस्तार और जनसेवा के संकल्प के साथ क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं। क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों की गति बढ़ाने और जनता से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।

राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव, सरल व्यक्तित्व, कार्यकर्ताओं के विश्वास और जनता के प्रति समर्पण को उनकी सबसे बड़ी पूंजी माना जाता है। क्षेत्रवासियों के बीच वे एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में पहचान बना रहे हैं जो यमकेश्वर के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
