अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज कोटद्वार का वार्षिक समारोह धूमधाम से संपन्न
कोटद्वार, 6 सितंबर 2026। अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज, कोटद्वार द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह में अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज की निदेशक श्रीमती अनीता जखमोला, आईटीडीए CALC के निदेशक डॉ. नंद किशोर जखमोला, बुरांश कोचिंग के निदेशक श्री अरविंद दुदपुड़ी , श्री राजकुमार बिष्ट, श्री नवल किशोर जखमोला एवं श्रीमती रजनी जखमोला बतौर अतिथि उपस्थित रहे। वहीं विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देने के लिए डॉ. नंद किशोर जखमोला जी की माताजी भी विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, गढ़वाली लोकगीतों, राजस्थान की लोक परंपरा, दक्षिण भारतीय नृत्य, भरतनाट्यम, बॉलीवुड, पंजाबी एवं हिंदी गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न राज्यों की संस्कृति एवं संगीत को मंच पर विद्यार्थियों ने जिस खूबसूरती से प्रस्तुत किया, उसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में संस्थान के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे। संस्थान की शिक्षण टीम में श्री भारत सिंह रावत, स्वाति कंडवाल, अंशिका डंगवाल, नितेश रावत, श्रीमती रजनी रावत, जयवीर नेगी, रश्मि, अलका रावत, कशिश एवं श्री मोहित ठाकुर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के मंच संचालन का आगाज अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज, कोटद्वार के शिक्षक श्री सौरभ घनसेला द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत प्रभावशाली अंदाज में करते हुए अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का स्वागत किया। इसके पश्चात कार्यक्रम की आगे की प्रस्तुतियों एवं संचालन की जिम्मेदारी एंकर कुनाल एवं श्रद्धा को सौंपी गई, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को उत्साह एवं ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी कला के साथ-साथ अपने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज की निदेशक श्रीमती अनीता जखमोला द्वारा संस्थान के प्रति समर्पण एवं कार्यक्षमता को देखते हुए अंशिका डंगवाल को अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज, कोटद्वार की सेंटर मैनेजर नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। इस घोषणा का उपस्थित सभी लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना भी है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं।
समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संस्थान की निदेशक श्रीमती अनीता जखमोला ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश लैंग्वेज, कोटद्वार का यह वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के विविध रंगों का शानदार संगम बनकर सामने आया।
