खेलों में योगदान के लिए शिक्षक सन्तूदास को किया गया सम्मानित
श्रीनगर। जिला स्तरीय शरदकालीन शीतकालीन खेलों मिनी गढ़देवा का आयोजन सीडीएस विपिन रावत स्पोर्ट्स स्टेडियम श्रीनगर में किया गया। जिसमें पौड़ी जिले के 1500 से ज्यादा छात्रों ने प्रतिभाग किया। खेलों के प्रोत्साहन में अहम भूमिका निभाने के लिए रा.प्रा.वि. काण्डई जयहरीखाल में कार्यरत सहायक अध्यापक सन्तूदास को अश्वनी रावत संयोजक जिला क्रीड़ा प्रतियोगिता द्वारा सम्मानित किया गया। ज्ञात हो कि शिक्षा विभाग की लापरवाही से रा.प्रा.वि. काण्डई की छात्रा जिला स्तर पर प्रतिभाग नहीं कर पा रही थी क्योंकि खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय के किसी भी शिक्षक की ड्यूटी जिला स्तरीय प्रतिभाग में छात्रा के साथ नहीं लगाई थी और खेल समिति द्वारा अभिभावकों के जाने पर पाबन्दी लगाई थी। ऐसी स्थिति में खेल भावना और विभाग की प्रतिष्ठा बचाने के लिए विद्यालय के सहायक अध्यापक सन्तूदास द्वारा अपना व्यक्तिगत आकस्मिक अवकाश लेकर छात्रा को जिला क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करवाया। जिला खेल समिति के सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि खेलों में शिक्षक की सक्रियता और विगत वर्षों के योगदान के आधार पर उन्हें सम्मानित किया गया।
