कोटद्वार। ग्राम आमसौड़ निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ नीतेश जुयाल, जो पिछले कुछ दिनों से लापता थे, आखिरकार सकुशल मिल गए हैं। उत्तर प्रदेश के एक सज्जन व्यक्ति ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए नीतेश को सुरक्षित कोटद्वार पहुंचाकर उनके चाचा इन्द्र मोहन जुयाल के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी देते हुए इन्द्र मोहन जुयाल ने बताया कि नीतेश मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और घर से निकलने के बाद कोटद्वार होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंच गए थे। उनके लापता होने की सूचना को हिंदी वेबसाइट अलग खबर डॉट कॉम ने व्यापक रूप से प्रसारित किया था।
बताया गया कि सूचना देखने के बाद उत्तर प्रदेश के एक सज्जन व्यक्ति ने नीतेश को पहचाना और उनकी सहायता करते हुए उन्हें सुरक्षित कोटद्वार तक लेकर आए। इसके बाद उन्होंने नीतेश को उनके चाचा इन्द्र मोहन जुयाल के हवाले कर दिया।
इन्द्र मोहन जुयाल ने इस नेक कार्य के लिए उक्त सज्जन व्यक्ति का तहेदिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह कार्य वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक है।
आज के इस स्वार्थपूर्ण दौर में किसी अनजान व्यक्ति की निस्वार्थ भाव से सहायता करना यह साबित करता है कि कलयुग में भी मानवता जीवित है। नीतेश को उनके परिवार तक सुरक्षित पहुंचाने वाले इस सज्जन व्यक्ति का कार्य समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
