राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गायन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार (गढ़वाल) में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत अभियान की मुख्य भावना राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा प्रत्येक नागरिक में स्वाभिमान एवं देशप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “हर दिल में तिरंगा, हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के अंतर्गत गायन प्रतियोगिता का आयोजन जन्तु विज्ञान विभाग में किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में डॉ. हेमन्त जोशी द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उपस्थित प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. एस. नेगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान एवं राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। युवाओं को देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनायकों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से ‘हर दिल में तिरंगा, हर घर तिरंगा’ की भावना को आत्मसात करते हुए इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया तथा गायन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दीं।
गायन प्रतियोगिता के अवसर पर जन्तु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. संजय मदान, डॉ. नवीन खण्डूरी, अंग्रेजी विभाग से डॉ. वर्षा सिंह एवं वाणिज्य विभाग से डॉ. रविन्द्र कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालक डॉ. हेमन्त जोशी ने सभी प्रतिभागियों के अनुशासन, धैर्य एवं उत्साह की सराहना करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुतियों के आधार पर, प्रथम स्थान: दिव्यांशु B.A. III Semester, दवितीय स्थान: खुशी — B.A. I Semester, तृतीय स्थान: अनंत तोमर — B.A. I Semester ने प्राप्त किया।हर घर तिरंगा अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. विनोद सिंह ने सभी प्रतिभागियों को इसी प्रकार प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. संजय मदान द्वारा सभी प्रतिभागियों, उपस्थित प्राध्यापकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रभक्ति, उत्साह एवं अनुशासनपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ ।
